आजमगढ़ : एचएमपीएस में सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य समापन

Youth India Times
By -
0

विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को पदक व प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

आजमगढ़। सरायमंदराज, कार्तलपुर बाईपास स्थित हरिश्चंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल (एचएमपीएस) में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। एक से छह अक्टूबर तक चली इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में डॉ. एसके राय, डॉ. राजकुमार राय, डॉ. अजय राय, डॉ. नितिन सिंह, डॉ. बजरंग सिंह, डॉ. डीबी सिंह एवं डॉ. अमित सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति रिछारिया ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, टीम अधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े राष्ट्रीय आयोजन की सफल मेजबानी विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही आजमगढ़ को राष्ट्रीय खेल मंच पर पहचान दिलाने का अवसर मिला है। प्रतियोगिता के भारतीय वर्ग में अंडर-14 में मेगा माइंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तोशाम के अमन, अभिनव, मयंक और योगेश ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 में सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, वाराणसी के अथर्व जायसवाल, अभय प्रताप और डिंकर तथा अंडर-19 में देव गुरुकुल के तिलक, आरव और विराज ने स्वर्ण पदक जीता। रिकर्व वर्ग के अंडर-14 में श्रीनर्ट ग्लोबल स्कूल के अनंत गुप्ता, आलोक गुप्ता, प्रभात सिंह और प्रवीण सिंह, अंडर-17 में रावल कॉन्वेंट स्कूल, सोहना के जयदीप रावत, अनुज शर्मा और आरव तथा अंडर-19 में तमिलनाडु के वालाराइगेट विद्यालयम के एस. नागुल प्रणव, ए. शिवा प्रणव और एस. पर्वेन्धन ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं कंपाउंड वर्ग के अंडर-14 में देव सेंटेनरी, हरिद्वार के कबीर, मनन, यथार्थ और श्लोक, अंडर-17 में रावल कॉन्वेंट स्कूल, हरियाणा के सार्थक कौशिक, मंदीप और अमन तथा अंडर-19 में जोसेफ एंड मैरी पब्लिक स्कूल के मिर्नाल सिन्हा, हिमांशु और प्रिंस ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने सभी स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों और उनकी टीमों को बधाई दी। समारोह में खिलाड़ियों एवं अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति की सराहना की। अंत में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों और टीमों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के सफल समापन की घोषणा की गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)