आजमगढ़ : शिक्षक निर्वाचन से पहले वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधकों पर दबाव बनाने का आरोप

Youth India Times
By -
0

माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिलाधिकारी को सौंपा शिकायती पत्र

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के पांच अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद सदस्य के चुनाव से पहले जनपद आजमगढ़ में वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधकों पर कथित रूप से अवैधानिक दबाव बनाने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने इस संबंध में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संघ की ओर से 21 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधकों को नोटिस जारी कर ऐसी सूचनाएं मांगी जा रही हैं, जिन्हें शिक्षक मतदाता फार्म अग्रसारित करते समय ही लिया जाना चाहिए था। संघ का कहना है कि निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है और 23 अक्टूबर को मतदान होना है। ऐसे में मतदान से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई से शिक्षक मतदाताओं के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने के अधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। शिकायती पत्र में संघ ने कहा है कि यदि मतदाता फार्म अग्रसारित करने की प्रक्रिया में कोई अनियमितता हुई है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होनी चाहिए, क्योंकि फार्म उनके अग्रसारण के बाद ही निर्वाचन कार्यालय में जमा किए गए थे। संघ ने जिला विद्यालय निरीक्षक अजय गुप्ता, सह जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार एवं वीरेंद्र प्रताप सिंह तथा कार्यालय के लिपिक दिनेश मौर्य और शिशिर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि मामले का संज्ञान लेकर संबंधित कार्रवाई पर रोक लगाने तथा निर्वाचन कार्य में कथित लापरवाही और आचार संहिता के उल्लंघन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)