आजमगढ़: स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर

Youth India Times
By -
0

घर में टाइल्स लगवाने के लिए सामान लेने जा रहा था युवक, स्कूल प्रबंधक ने कही यह बात

आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि बाइक पर सवार टाइल्स मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों जीयनपुर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के पास टाइल्स खरीदने जा रहे थे। स्कूल बस की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दाउदपुर गांव निवासी मुकेश राजभर (26) पुत्र विक्रम राजभर अपने घर में टाइल्स लगवाने के लिए गांव के टाइल्स मिस्त्री मानिकचंद चौहान (40) पुत्र डेभा चौहान निवासी टीमलपट्टी, जोगियाबीर के साथ बाइक से जीयनपुर जा रहा था। इसी दौरान लाटघाट की तरफ से आ रही सेंट जेवियर्स स्कूल की बस स्कूल के गेट के अंदर मुड़ रही थी। तभी बाइक सवार अनियंत्रित होकर बस से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानिकचंद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल मानिकचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुकेश दिल्ली में निजी नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपना घर बनवाने के लिए गांव आया था। घर में टाइल्स लगवाने का काम चलना था, जिसके लिए वह मिस्त्री के साथ सामान लेने निकला था। इसी बीच हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मुकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका छोटा भाई रामकेश राजभर इजरायल में नौकरी करता है। परिवार में चार बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है, जबकि दो छोटी हैं। मां सेवती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि हादसे में बेटे की मौत की सूचना अभी तक घर की महिलाओं तक नहीं पहुंची थी। जीयनपुर कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सेंट जेवियर्स स्कूल जीयनपुर के प्रबंधक संजय पाठक ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि लापरवाह चालक के खिलाफ स्कूल प्रबंधन की ओर से भी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)