महिला कलाकारों को देखकर मंच पर चढ़ने लगे शरारती तत्व, पुलिस ने भांजी लाठियां

Youth India Times
By -
0

करती हूं मैं तो प्यार सिर्फ संडे को... गाने के बाद बिगड़ा माहौल, भीड़ हुई बेकाबू

महोबा। जिले में आयोजित नौ दिवसीय जलविहार महोत्सव के समापन अवसर पर शनिवार रात आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब फिल्मी गीतों पर महिला कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान भीड़ बेकाबू होने लगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजनी पड़ीं। बताया गया कि आर्केस्ट्रा में दिल्ली से महिला कलाकारों के पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान महिला कलाकार फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर रही थीं। इसी दौरान कुछ शरारती तत्व मंच की ओर बढ़ने लगे और कथित तौर पर मंच पर चढ़ने का प्रयास किया। भीड़ को अचानक बेकाबू होता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को पीछे हटाने का प्रयास किया। जब स्थिति नहीं संभली तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद काफी देर में भीड़ को नियंत्रित किया जा सका। इस दौरान कुछ समय के लिए मौके पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि, यूथ इंडिया टाइम्स वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। सीओ कुलपहाड़ अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने महिला कलाकारों के साथ अभद्रता करते हुए मंच पर चढ़ने का प्रयास किया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)