सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय ट्रायल, चयनित पहलवान गोरखपुर में राज्य प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
आजमगढ़। जिला कुश्ती संघ आजमगढ़ की ओर से सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की जिला कुश्ती चयन ट्रायल प्रतियोगिता 11 अक्टूबर 2026, रविवार को सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम आजमगढ़ में आयोजित की जाएगी। चयन ट्रायल में जिले के पहलवान प्रतिभाग कर सकेंगे। जिला कुश्ती संघ के सचिव प्रवीण कुमार ने बताया कि पहलवानों का वजन दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे से कुश्ती प्रतियोगिता शुरू होगी। वजन में पहलवानों को एक किलोग्राम की छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित पहलवान आगामी सीनियर पुरुष एवं महिला राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में आजमगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवा, गोरखपुर में किया जाएगा। संघ के अनुसार वर्ष 2008 में जन्मे (18 वर्ष) और 2007 में जन्मे (19 वर्ष) खिलाड़ी भी निर्धारित शर्तों के साथ चयन ट्रायल में भाग ले सकेंगे। ऐसे खिलाड़ियों को चिकित्सा प्रमाण पत्र और माता-पिता का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। आयु एवं अधिवास का सत्यापन आधार कार्ड एवं पासपोर्ट के माध्यम से किया जाएगा। जिला कुश्ती संघ ने इच्छुक पहलवानों से निर्धारित समय पर स्टेडियम पहुंचकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए संयुक्त सचिव सत्यवान यादव से मोबाइल नंबर 09451512349 पर संपर्क किया जा सकता है।

