मायका पक्ष के आरोप पर जांच तेज, फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के सिरसाल गांव में मंगलवार को 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। महिला का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मायका पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सिरसाल गांव निवासी अलीम इन दिनों विदेश में रहकर काम करता है। घर पर उसकी पत्नी शबीना (35) अपने चार बच्चों के साथ रहती थी। मंगलवार को करीब दो बजे शबीना कमरे में सोई हुई थी। परिवार के लोगों ने समझा कि वह सो रही है। काफी देर बाद जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ी थी। घटना की जानकारी महिला के मायके शाहगंज थाना क्षेत्र के सरहदा गांव में दी गई। सूचना मिलने पर मृतका की भाभी समेत मायके के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। रात करीब साढ़े सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची और बेड पर पड़े शव को कब्जे में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। शबीना के चार बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटी दो वर्षीय पुत्री है।




