आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर तहसील क्षेत्र के गंजोर गांव में रविवार को दर्दनाक हादसे में पानी से भरी बाल्टी में डूबने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार गंजोर गांव निवासी पवन यादव की दो वर्षीय पुत्री अनन्या यादव घर में थी। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य पशुओं के चारे के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अनन्या किसी तरह पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। गिरते समय उसे किसी ने नहीं देखा, जिसके कारण वह काफी देर तक बाल्टी में ही पड़ी रही और उसकी मौत हो गई। कुछ समय बाद जब परिजन घास लेकर घर लौटे तो बच्ची को घर में नहीं पाकर आसपास खोजबीन शुरू की। इसी दौरान एक पड़ोसी की नजर पानी से भरी बाल्टी पर पड़ी। बाल्टी में बच्ची को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अनन्या अपने पीछे पांच वर्षीय भाई को छोड़ गई है। मासूम की मौत से मां सीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक वह बार-बार रोते-रोते बेहोश हो जा रही हैं। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
आजमगढ़ : पानी भरी बाल्टी में डूबकर दो वर्षीय बच्ची की मौत
By -
Sunday, September 06, 2026
0
Tags:




