आजमगढ़ : ससुराल आए दामाद की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

Youth India Times
By -
0

आठ माह पहले हुई थी शादी, घरवालों को अचानक तबीयत खराब होने की मिली थी सूचना
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के कस्बे में ससुराल आए एक 32 वर्षीय युवक की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर स्वीपर कॉलोनी निवासी करीम अहमद (32) के रूप में हुई है। वह ठेके पर सफाई का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार करीम की शादी करीब आठ माह पहले निजामाबाद कस्बा निवासी जुम्मन की पुत्री के साथ हुई थी। मृतक के भाई कुर्बान ने बताया कि करीम 8 सितंबर को अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था। शनिवार को ससुराल पक्ष की ओर से परिजनों को सूचना दी गई कि करीम की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक करीम की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने उसकी पत्नी से मौत के संबंध में जानकारी ली तो उसने तबीयत खराब होने की बात बताई। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)