उधार दवा और नकदी के बदले दिया था चेक, खाते में पर्याप्त रकम नहीं मिलने पर थाने से लेकर कोर्ट तक पहुंचा मामला
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के कुर्मीटोला निवासी दवा कारोबारी विकास रंजन गुप्ता ने बड़ी हरैया निवासी अजय मौर्या पर करीब 5.40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज शिकायत के मुताबिक, विकास रंजन गुप्ता चौक आजमगढ़ में दवा की दुकान संचालित करते हैं। अजय मौर्या दवाओं की खरीदारी के सिलसिले में उनकी दुकान पर आता था। दोनों के बीच परिचय होने के बाद अजय ने वर्ष 2024 से अपने परिजनों की बीमारी और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर दवाएं और नकदी उधार लेना शुरू किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, उधारी की कुल रकम करीब 5.50 लाख रुपये हो गई। रकम वापस मांगने पर अजय ने कथित तौर पर गांव की जमीन बैनामा करने की बात कही और अक्टूबर 2025 तक का समय मांगा। समय सीमा पूरी होने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। आरोप है कि 13 अक्टूबर 2025 को अजय मौर्या ने दुकान पर आकर 5.40 लाख रुपये का चेक दिया। चेक बैंक में जमा करने पर खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण उसका भुगतान नहीं हो सका। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस संबंध में अजय से संपर्क करने पर वह टालमटोल करने लगा और विवाद व मारपीट की धमकी भी देने लगा। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर 22 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत भेजी। मामला न्यायालय तक पहुंचने के बाद न्यायालय के आदेश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। इसके अनुपालन में कोतवाली पुलिस ने 8 सितंबर 2026 को आरोपी अजय मौर्या के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब मामले में लगाए गए आरोपों और लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।




