आजमगढ़ : सन शाइन स्कूल में राखी बांधकर विद्यार्थियों ने दिया भाई-बहन के प्रेम का संदेश

Youth India Times
By -
0






रक्षाबंधन पर रंग-बिरंगी राखियां बनाकर मनाया उत्सव, विद्यालय परिसर में दिखा उत्साह और उमंग का माहौल
आजमगढ़। सन शाइन स्कूल में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से भाई-बहन के प्रेम, स्नेह तथा पारस्परिक सम्मान की भावना को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं। छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखियां बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। राखी बांधने के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और सौहार्द का वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के महत्व को समझते हुए भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प को आत्मसात किया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के सामाजिक एवं पारिवारिक महत्व के बारे में जानकारी दी। विद्यालय के प्रबंधक राम बदन यादव और प्रधानाचार्य शेष मणि मिश्रा ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में को-आॅर्डिनेटर मोहिनी शुक्ला सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकगण का सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)