आजमगढ़ : रजिस्ट्री ऑफिस में इंतजार करता रहा खरीददार

Youth India Times
By -
0

प्लॉट दिलाने के नाम पर 7.50 लाख की ठगी कर फरार हुआ जमीन का कारोबारी

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर 7.50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में भोगईचा गांव निवासी आकाश पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 में अहरौला कस्बे में मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने की इच्छा जताने पर मतलूबपुर निवासी इन्द्रभूषण सोनी ने अपने पिता शोभनाथ सेठ और चाचा सुधीर सेठ से मुलाकात कराई। आरोप है कि तीनों ने अहरौला कस्बे के आसपास की जमीन दिखाते हुए उसकी खतौनी और नक्शा दिखाया तथा 7.50 लाख रुपये प्रति बिस्वा की दर से सौदा तय किया। तहरीर के अनुसार, प्रार्थी ने विभिन्न तिथियों में बैंक खातों के माध्यम से कुल 7.50 लाख रुपये आरोपितों के खातों में स्थानांतरित कर दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपित बैनामा कराने के लिए तहसील बूढ़नपुर ले गए, लेकिन काफी देर इंतजार कराने के बाद आवश्यक दस्तावेज नहीं लाए और बैनामा नहीं कराया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद कई बार रुपये वापस करने या बैनामा कराने की मांग की गई, लेकिन आरोपित लगातार टालमटोल करते रहे। तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि रुपये लौटाने का आश्वासन देने की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। आरोप है कि 20 जुलाई 2026 को जब वह दोबारा रुपये मांगने आरोपितों के घर पहुंचा तो तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और रुपये भूल जाने की बात कही। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)