आजमगढ़ : सर्पदंश से कक्षा पांच के छात्र की हुई मौत

Youth India Times
By -
0



रात में शौचालय जाने के दौरान दरवाजे पर छिपे जहरीले सर्प ने डसा, परिवार में मचा कोहराम
रिपोर्ट : विजय बहादुर सिंह
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा ताड़ी, पोस्ट किशनपुर निवासी अनिल के 11 वर्षीय पुत्र आयुष की सर्पदंश से मौत हो गई। आयुष प्राथमिक विद्यालय ताड़ी में कक्षा पांच का छात्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम छा गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे आयुष घर में सो रहा था। शौचालय जाने के लिए जैसे ही उसने मुख्य दरवाजा खोला, चौखट के पास छिपे एक जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। सर्पदंश के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उसे तत्काल सिधारी स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने आयुष का उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बेटे की मौत पर विश्वास न होने के कारण परिजन उसे खरिहानी बाजार के एक चिकित्सक के पास और बाद में पीजीआई चक्रपानपुर भी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। धार्मिक आस्था के चलते परिजन बालक को अमवा स्थित सती माई स्थान पर भी ले गए, लेकिन कोई चमत्कार नहीं हुआ। इसके बाद वे शव लेकर घर लौट आए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ मृतक के घर पहुंच गई। आयुष की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोगों से घर और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने, रात के समय पर्याप्त रोशनी का उपयोग करने, जूते-चप्पल पहनकर बाहर निकलने तथा सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)