ग्रामीणों ने फार्म हाउस निर्माण और तालाब के सार्वजनिक उपयोग बाधित होने का लगाया आरोप, निष्पक्ष जांच कर कब्जा हटाने की मांग
आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के मोहनपुर पटवास गांव के ग्रामीणों ने लालगंज लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज समेत अन्य लोगों पर तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए मंडलायुक्त आजमगढ़ से शिकायत की है। शिकायत में निष्पक्ष जांच कर तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, गांव स्थित आराजी संख्या 137, रकबा 7.798 हेक्टेयर दर्ज तालाब की भूमि पर सांसद दरोगा प्रसाद सरोज तथा उनके परिजनों द्वारा कथित रूप से कब्जा कर फार्म हाउस बना लिया गया है। आरोप है कि तालाब के कुछ हिस्से में खेती तथा कुछ भाग में मछली पालन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले यह तालाब पशुओं के नहाने, ग्रामीणों के उपयोग और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए प्रयुक्त होता था, लेकिन कब्जे के कारण आम लोगों का उपयोग बंद हो गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस संबंध में पहले मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से शिकायत की गई थी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए थे। हालांकि, आरोप है कि अब तक जांच पूरी नहीं हुई और प्रभाव के चलते मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर जनसामान्य के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए।



