आत्री सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता कांस्य पदक, अथर्व सिंह का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
आजमगढ़। जीडी ग्लोबल स्कूल, करतालपुर बाईपास के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने मुंबई, महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय पेंचक सिलाट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के छात्र आत्री सिंह ने जिला स्तर पर स्वर्ण पदक, राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, छात्र अथर्व सिंह ने जिला स्तर पर स्वर्ण पदक और राज्य स्तर पर रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी फेडरेशन कप एवं ऑल इंडिया चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में भी विद्यालय के विद्यार्थी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। आत्री सिंह और अथर्व सिंह की सफलता उनके समर्पण, कठिन परिश्रम और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्हें विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभा तभी निखरती है, जब उसे उचित मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन मिले। जीडी ग्लोबल स्कूल विद्यार्थियों को प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानाचार्या दीपाली भूस्कूटे ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अनुशासन, निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने आगामी फेडरेशन कप एवं ऑल इंडिया चैंपियनशिप में भी दोनों खिलाड़ियों के स्वर्णिम प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

