आजमगढ़ : तमसा नदी में बहता मिला अज्ञात युवक का शव

Youth India Times
By -
0


मुबारकपुर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्चरी भेजा, पहचान कराने का प्रयास जारी
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी खुर्द गांव में बृहस्पतिवार दोपहर तमसा नदी में एक अज्ञात युवक का शव बहता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, नीबी खुर्द गांव स्थित तमसा नदी के घाट पर ग्रामीण स्नान करने और समीप स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान लोगों की नजर नदी के पानी में बह रहे एक युवक के शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर एकत्र हो गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक जांच-पड़ताल की। तलाशी के दौरान मृतक के गले में एक लॉकेट बरामद हुआ, जिसे पहचान का महत्वपूर्ण सुराग मानते हुए पुलिस जांच में जुटी है। हालांकि आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक की उम्र लगभग 32 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके शरीर पर गुलाबी रंग की टी-शर्ट तथा काले रंग का बरमूडा (नेकर) था। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम एवं पहचान की कार्रवाई के लिए जिला मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना दी जा रही है। साथ ही गुमशुदगी के मामलों का मिलान भी कराया जा रहा है। शव की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)