आज़मगढ़ में फिर हुई मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल, तीन गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0


तमंचा, कारतूस, गोकशी के उपकरण और 23.700 किलो गोवंशीय मांस बरामद; एक आरोपी फरार
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और बदमाशों के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर मांस बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी बोरियां छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर मेराज उर्फ साजिद खान ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद वह दोबारा फायरिंग का प्रयास करने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। उसके दो साथियों गालिब और शहजाद को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अपने फरार साथी अरहम के साथ मिलकर सुनसान स्थान पर गोवंश का वध करते थे और मांस को आसपास के गांवों में बेचते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से गोकशी में प्रयुक्त लकड़ी का ठीहा, चार चाकू, दो चापड़ तथा 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया। पशु चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया बरामद मांस को प्रतिबंधित पशु का मांस बताया है और जांच के लिए नमूने सुरक्षित कराए गए हैं। पुलिस ने मेराज उर्फ साजिद खान के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग, आयुध अधिनियम और उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अन्य दोनों आरोपियों के विरुद्ध भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिले में गोवध और गो-तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)