फ्री मूवी डाउनलोड के नाम पर एपीके लिंक भेजकर मोबाइल हैक करता था गिरोह, साइबर सेल व महाराजगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
आजमगढ़। साइबर सेल और महाराजगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फ्री में नई फिल्म और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करता था और बैंक खातों से रकम निकालकर अपने साथियों के साथ बांट लेता था। पुलिस ने साइबर ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 3.5 लाख रुपये की नई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत साइबर सेल और महाराजगंज पुलिस ने सूचना के आधार पर प्रतापपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान कृष्णा कुमार (28), निवासी नौबरार त्रिपुरारपुर खालसा, थाना महाराजगंज को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन, कूटरचित आधार कार्ड और 1,330 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फर्जी आधार कार्ड के जरिए जनसेवा केंद्रों से साइबर ठगी की रकम निकालता था। आईफोन का उपयोग म्यूल खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी प्राप्त करने के लिए किया जाता था। गिरोह सोशल मीडिया पर फ्री मूवी और वेब सीरीज डाउनलोड कराने के नाम पर एपीके लिंक भेजता था। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ितों के मोबाइल हैक हो जाते थे और उनके बैंक खातों से रकम म्यूल खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के माध्यम से निकाल ली जाती थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

