45 चिन्हित अपराधियों पर कार्रवाई के लिए नगर सर्किल में एक साथ दी गई दबिश
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में पशु चोरी, पशु तस्करी एवं गोकशी जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर सर्किल में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत इन अपराधों में संलिप्त 45 चिन्हित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए 11 पुलिस टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में सभी पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश और ब्रीफिंग देने के बाद एक साथ विभिन्न स्थानों पर दबिश के लिए रवाना किया गया।पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य यह सत्यापित करना है कि चिन्हित अपराधी अभी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं या अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन जी रहे हैं। साथ ही, वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले परिणामों के आधार पर संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



