पूर्वांचल के कई जनपदों में आतंक का पर्याय बन चुका था बदमाश भानू प्रताप सिंह

Youth India Times
By -
0




आजमगढ़ में दुधिया पृथ्वीराज यादव की हत्या के बाद आया था चर्चा

34 से अधिक गंभीर मुकदमों में था वांछित एक लाख का इनामी बदमाश
अयोध्या/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आजमगढ़ समेत पूर्वांचल के कई जनपदों में आतंक का पर्याय बने एक लाख रुपये के इनामी अपराधी भानू प्रताप सिंह उर्फ बब्लू सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया गया। भानू प्रताप सिंह पुत्र मानसिंह, ग्राम विधानापार थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर का निवासी था और उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार भानू प्रताप सिंह आजमगढ़ के चर्चित हत्या प्रकरण मु0अ0सं0 460/2025 थाना मुबारकपुर में वांछित था। उस पर सुपारी लेकर दुधिया व्यवसायी पृथ्वीराज यादव निवासी पिपरापुर थाना मुबारकपुर की हत्या करने का आरोप था। इसके अलावा वह लूट, डकैती और संगठित अपराधों में सक्रिय रहकर लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसके बढ़ते आपराधिक नेटवर्क और गंभीर अपराधों को देखते हुए पहले आजमगढ़ पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में यह इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया गया और 2 जून 2026 को एडीजी वाराणसी जोन द्वारा इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया। इसके अतिरिक्त उस पर अम्बेडकर नगर से 50 हजार रुपये तथा गोरखपुर से 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस अभिलेखों के अनुसार भानू प्रताप के खिलाफ आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, मऊ, बस्ती और अम्बेडकर नगर समेत विभिन्न जनपदों में 34 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या, डकैती, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। सूचना के आधार पर 7 जून 2026 को अयोध्या में एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज और स्थानीय पुलिस ने उसकी घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक घिरने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भानू प्रताप सिंह की मौत से पूर्वांचल में सक्रिय संगठित अपराध गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और कई लंबित मामलों के खुलासे में भी सहायता प्राप्त होगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)