आजमगढ़ : आजाद टेक्निकल इंस्टिट्यूट में चलाया गया सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान

Youth India Times
By -
0





दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट की पहल, 13 से 21 वर्ष के युवाओं को कैंसर से बचाव के उपाय बताए गए
संस्था का उद्देश्य प्रत्येक बेटी को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य प्रदान करना : पूजा सिंह, अध्यक्ष
आजमगढ़। दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट द्वारा करतालपुर बाईपास स्थित आजाद टेक्निकल इंस्टिट्यूट में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष पूजा सिंह एवं ब्रांड एम्बेसडर डॉ. विपिन यादव ने छात्र-छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अभियान के दौरान 13 से 21 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 30 से 40 छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। डॉ. विपिन यादव ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका समय पर वैक्सीनेशन है। उन्होंने वैक्सीन लगवाने की सही उम्र और आवश्यक चरणों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सदर अस्पताल में यह वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट के सहयोग से यादव क्लिनिक पर भी यह वैक्सीन मात्र 1450 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि बाजार में इसकी कीमत 2000 रुपये से अधिक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को निर्धारित आयु में वैक्सीन अवश्य लगवाएं। ट्रस्ट की अध्यक्ष पूजा सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रत्येक बेटी को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य प्रदान करना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीनेशन का लाभ उठाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाकर कैंसर जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)