आजमगढ़ : भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार समेत छ: की मौत

Youth India Times
By -
0





कुलदेवता की पूजा कर वापस लौटते समय ट्रक में घुसी स्कॉर्पियो, एक युवती की हालत गंभीर
आजमगढ़। जनपद और उससे जुड़े मार्गों पर हुए भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ निवासी एक ही परिवार के चार लोगों की बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसे में मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में घायल दो अन्य लोगों की गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटनाओं की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी अजीत विश्वकर्मा (38) महोबा के कबरई कस्बे में परिवार सहित रहकर टायर की दुकान चलाते थे। बुधवार शाम वह अपनी मां प्रेमशीला (55), दादी चंद्रावती (80), चाची निशा विश्वकर्मा (40) और 19 वर्षीय चचेरी बहन रिया के साथ स्कॉर्पियो से कुलदेवता की पूजा कर महोबा लौट रहे थे। करीब 450 किलोमीटर की यात्रा के बाद गुरुवार सुबह बांदा जिले के हथौड़ा गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर वाहन चला रहे अजीत को झपकी आ गई, जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे सिलेंडर लदे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे में अजीत, उनकी मां प्रेमशीला, दादी चंद्रावती और चाची निशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिया गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला। अजीत का शव ड्राइविंग सीट और इंजन के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था। शव निकालने के लिए दो क्रेनों की मदद लेनी पड़ी। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक अजीत के पिता राम विनय विश्वकर्मा की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे ही बचे हैं। इधर, जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के छीहीं गांव निवासी अमित गुप्ता (41) की भी सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। वह शादी-विवाह और ढाबों में खाना बनाने का कार्य करते थे। 10 मई को लखनऊ जाने के लिए सेहदा स्थित एक्सप्रेस-वे के पास बस पकड़ने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही बिहार की निजी एसी डिलक्स बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। घायल अमित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। वहीं कंधरापुर थाना क्षेत्र के बाकीपुर सोनहरिया गांव निवासी अवधेश यादव (28) की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। वह मुंबई में ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और बहन की शादी में शामिल होने घर आए थे। 10 मई की रात मित्र की शादी से बाइक से लौटते समय मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवां स्थित शिवालिक स्कूल के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अवधेश को यूपीडा कर्मियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया था, जहां गुरुवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)