आजमगढ़ : कोडीन कफ सिरप काले कारोबार पर बड़ा प्रहार, ₹50.9 लाख की अवैध संपत्ति जब्त

Youth India Times
By -
0




साइबर क्राइम पुलिस की कार्रवाई में आरोपी विकास सिंह “नरवे” का मकान और लखनऊ फ्लैट बुकिंग राशि फ्रीज

आज़मगढ़। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपी की करीब ₹50.9 लाख की संपत्ति जब्त कर ली है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार, थाना दीदारगंज में दर्ज मामले की विवेचना के दौरान सामने आया कि अभियुक्त विकास सिंह उर्फ “नरवे” ने अवैध कमाई से अपने पैतृक गांव में मकान बनवाया, जिसकी अनुमानित लागत ₹27.25 लाख है। इसके अलावा उसने लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित शालीमार वन वर्ल्ड परियोजना में एक फ्लैट बुक कराया था, जिसमें लगभग ₹23.64 लाख अग्रिम राशि जमा की गई थी। जांच के आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत फ्रीजिंग ऑर्डर जारी किया गया। ई-कोर्ट पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत याचिका पर सुनवाई के बाद सक्षम प्राधिकारी (नई दिल्ली) ने उक्त संपत्तियों को जब्त करने का आदेश दिया। जब्त संपत्तियों में शामिल हैं: पैतृक गांव में निर्मित मकान (लगभग ₹27.25 लाख), लखनऊ स्थित फ्लैट की बुकिंग राशि ₹23.64 लाख (फ्रीज)। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी जौनपुर और वाराणसी में धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और एनडीपीएस से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे अपराधियों में डर का माहौल बना रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)