पथराव में चौकी इंचार्ज समेत कई पुलिसकर्मी हुए घायल
लखीमपुर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर बखेड़ा खड़ा हो गया। मैलानी थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में विवादित जमीन पर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और उसे हटाने को लेकर दो पक्षों में तनाव बढ़ गया, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। जानकारी के अनुसार, बाकेगंज कस्बे के पास स्थित मोतीपुर गांव में जयंती कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने विवादित भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। गांव के दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा हटाने का प्रयास किया, जिस पर एक पक्ष ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। प्रतिमा हटाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कुकरा मार्ग पर जाम लगा दिया। हालात बिगड़ने पर मैलानी, बाकेगंज और संसारपुर की पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति काबू में नहीं आ सकी। पुलिस की सख्ती के विरोध में भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया, जिसमें संसारपुर चौकी इंचार्ज समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। आक्रोशित भीड़ ने सीओ गोला और तहसीलदार के सरकारी वाहनों सहित कई निजी वाहनों में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने नायब तहसीलदार और पुलिस चौकी के वाहनों में आग भी लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अमित राय मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। पथराव में तहसीलदार भीम चंद सहित कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बाद में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर फ्लैग मार्च किया जा रहा है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस के अनुसार, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।






