आजमगढ़ : अवैध कब्जे पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर

Youth India Times
By -
0





तीन मकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी, प्रशासन सहित भारी पुलिस बल रहा मौजूद
आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र अंतर्गत खानपुर ग्राम सभा में उसर (सरकारी) भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायत मिलने के बाद राजस्व और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, खानपुर गांव स्थित गाटा संख्या 257 की उसर भूमि पर राजेश यादव, मोती यादव और हरिश्चंद्र यादव द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का आरोप है। इस संबंध में प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि भूमि पर करकट (टिन शेड) लगाकर कब्जा किया गया है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से दो स्थानों पर लगे करकट को हटवा दिया। इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं रहेगी। गाटा संख्या 257 पर बने तीन मकानों को भी अवैध मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले में एसडीएम निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि धारा 67 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से बने मकानों को भी गिराया जाएगा और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)