सीसी रोड व स्ट्रीट लाइट की भी होगी समुचित व्यवस्था, लोगों को मिलेगी राहत : सरफराज आलम उर्फ मंसूर, अध्यक्ष नपा
आजमगढ़। नगर पालिका क्षेत्र के नरौली मिशन हॉस्पिटल रोड पर वर्षों से चली आ रही नाले की गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल शुरू हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष सरफराज आलम ‘मंसूर’ ने जानकारी देते हुए बताया कि मिशन अस्पताल के मोड़ से लेकर नरौली तक नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही नरौली सोनकर बस्ती में लंबे समय से लंबित सीसी रोड निर्माण का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के समुचित विकास को ध्यान में रखते हुए नाले के निर्माण के साथ-साथ सीसी रोड और स्ट्रीट लाइट की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि स्थानीय निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। गौरतलब है कि नरौली मिशन हॉस्पिटल रोड पर नाले की समस्या लंबे समय से नासूर बनी हुई थी। बरसात के मौसम में नाला सकरा और जर्जर होने के कारण पानी सड़क पर भर जाता था, जिससे राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इतना ही नहीं, जलभराव के चलते आसपास की दुकानों में पानी घुस जाता था, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता था। अब नाले के निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नरौली मोहल्ले में इस तरह के बुनियादी विकास कार्य पहले कभी नहीं कराए गए थे। सभासद संतोष चौहान द्वारा समस्याओं के बावत दिये गये प्रार्थना पत्र के मद्देनजर नगर पालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर के इस सराहनीय कार्य की लोगों ने सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। नगर पालिका द्वारा शुरू किया गया यह कार्य क्षेत्र की दशा और दिशा बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






