पत्नी-सास का गला काटा, ढाई वर्ष के बेटे व ससुर को भी नहीं छोड़ा

Youth India Times
By -
0




पत्नी की विदाई से इनकार पर युवक ने खेला खून, पुलिस जांच में जुटी

बलिया। जनपद के नगर थाना क्षेत्र के बछईपुर स्थित छोटका पूरा गांव में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पत्नी की विदाई न होने से आक्रोशित युवक ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी, जबकि ढाई वर्ष के मासूम बेटे और ससुर पर भी धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर निवासी अमित गोंड की शादी चार वर्ष पूर्व बछईपुर निवासी प्रीति गोंड (22) से हुई थी। दोनों का ढाई वर्ष का एक बेटा भी है। बताया जा रहा है कि पति के उत्पीड़न से तंग आकर प्रीति कुछ माह से अपने मायके में रह रही थी। नवरात्र के दौरान अमित पत्नी को विदा कराने ससुराल आया था, लेकिन प्रीति ने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया। इस दौरान अमित ने धमकी भी दी थी। शनिवार की रात गांव में एक बारात आई हुई थी, जहां नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान देर रात अमित ससुराल पहुंचा और छत के रास्ते घर में घुस गया। छत पर सो रही पत्नी प्रीति और सास सुशीला देवी (45) पर उसने धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने ढाई साल के बेटे पर भी वार किया। चीख-पुकार सुनकर नीचे सो रहे ससुर अंतु गोंड (50) मौके पर पहुंचे और दामाद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अमित ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल वाराणसी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दिनेश शुक्ल और सीओ आलोक गुप्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। ससुर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)