लैपटॉप, चार मोबाइल फोन व आधार-पैन कार्ड बरामद
आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कंधरापुर पुलिस ने पैतृक जमीन में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में वांछित पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को बेलाइसा के पास स्थित नीबी कॉलोनी से दबिश देकर पकड़ा। पुलिस के अनुसार 8 जनवरी 2026 को अरुण कुमार राय, सुशील राय, बृजेश राय, नीरज राय और अश्विन राय ने थाना कंधरापुर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि अवनीश राय और उनकी पत्नी नूतन राय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए पैतृक भूमि के दस्तावेजों में धोखाधड़ी की। आरोप है कि परिवार के एक सदस्य की बीमार और असहाय स्थिति का फायदा उठाकर जमीन को धोखे से बेच दिया गया और धनराशि का दुरुपयोग किया गया। विरोध करने पर वादी पक्ष को धमकाने का भी आरोप लगाया गया। तहरीर के आधार पर थाना कंधरापुर में मु0अ0सं0 10/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) व 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार कर रहे थे। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त अवनीश राय और अभियुक्ता नूतन राय बेलाइसा स्थित नीबी कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम अवनीश राय (39 वर्ष) पुत्र स्व. बृजभूषण राय तथा नूतन राय (35 वर्ष) पत्नी अवनीश राय निवासी जोलहापुर, थाना कंधरापुर बताया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 11 मार्च 2026 को शाम 6:30 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद किए हैं। महिला अभियुक्ता को महिला आरक्षी की अभिरक्षा में रात्रि विश्राम के लिए महिला थाना भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






