आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता से कथित रूप से दो लाख रुपये ‘गुंडा टैक्स’ मांगने और मकान निर्माण रुकवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने निर्माणाधीन मकान की दीवार भी गिरा दी और जान से मारने की धमकी दी। मामले में थाना सिधारी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। मिली जानकारी के अनुसार राजीव पाण्डेय पुत्र हरि नारायण पाण्डेय, जो सिविल कोर्ट आजमगढ़ में अधिवक्ता हैं, वर्तमान में सिधारी क्षेत्र में किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने अपने पिता द्वारा ग्राम रामपुर (थाना सिधारी) में खरीदी गई जमीन पर मकान का निर्माण शुरू कराया था। आरोप है कि गांव के राजेश यादव उर्फ मुन्ना, अवधेश यादव और उनके साथियों ने 21 जुलाई 2024 को निर्माण कार्य रुकवाते हुए दो लाख रुपये ‘टैक्स’ देने की मांग की थी। पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। पीड़ित के अनुसार 1 मार्च 2025 को भी आरोपित ने निर्माण स्थल पर हमला किया था, जिस मामले में थाना सिधारी में एफआईआर संख्या 88/2025 धारा 115(2)/351(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके बावजूद आरोप है कि 18 दिसंबर 2025 को दोबारा निर्माण शुरू होने पर आरोपित अपने साथियों के साथ पहुंचकर काम बंद करा दिया और फिर से पैसे की मांग की। राजीव पाण्डेय का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को भी शिकायत भेजी थी। इसके बाद प्रशासन द्वारा निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था। पीड़ित के अनुसार 7 मार्च 2026 को जब दोबारा निर्माण कार्य शुरू हुआ तो राजेश यादव उर्फ मुन्ना, रामआशीष यादव, जनार्दन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, मजदूरों को भगा दिया और कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि जाते समय आरोपित निर्माण के कुछ औजार भी उठा ले गए। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 7-8 मार्च की रात आरोपितों ने निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया, जिससे अधिवक्ता को आर्थिक और मानसिक नुकसान हुआ है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जान-माल की सुरक्षा और हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।
आजमगढ़ में अधिवक्ता से दो लाख रुपये ‘गुंडा टैक्स’ की मांग, दबंगों पर दीवार गिराने और धमकी देने का आरोप
By -
Monday, March 09, 2026
0
Tags:






