आजमगढ़। कार चलाना सीखते समय हुई सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुबारकपुर–सठियांव मुख्य मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने छात्र का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण कार चला रही महिला की गिरफ्तारी और निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही के आरोप में कार्रवाई की मांग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दामोदरपुर अंडरपास के पास सर्विस रोड पर शुक्रवार को यह हादसा हुआ। ग्राम शिवकुटी नूरपुर बुतात निवासी कक्षा नौ का छात्र शिवा पटवा अपने एक साथी के साथ गन्ने का जूस लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कार चलाना सीख रही एक महिला ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल छात्र को पास के निजी ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया, जहां परिजनों का आरोप है कि पैसे के अभाव में तुरंत उपचार नहीं किया गया, जिससे छात्र की मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर मिलते ही शनिवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने मुबारकपुर–सठियांव मार्ग पर सेंट्रल बैंक के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी कार चला रही महिला की गिरफ्तारी और अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पांडेय ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर जाम समाप्त करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।






.jpg)