पंचायत के दौरान बढ़ा विवाद, परिजनों संग मिलकर हमला करने का आरोप
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पूर्व प्रधानों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक पूर्व प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी बस्ती में पूर्व प्रधान सिधारी द्वारा अनुसूचित कब्रिस्तान की भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान निर्माण कराया जा रहा था। इसी को लेकर बस्ती के शंकर और सेठ ने मामले को सुलझाने के लिए दूसरे पूर्व प्रधान सफदर को मौके पर बुलाया और पंचायत के माध्यम से निर्माण कार्य रुकवाने का अनुरोध किया। बताया जा रहा है कि सफदर ने कब्रिस्तान की जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को रोकने की बात कही, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सिधारी और उनके परिजनों ने मिलकर सफदर पर हमला कर दिया। मारपीट में सफदर गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हो गए। घटना के दौरान मौके पर सब इंस्पेक्टर सूरज चौधरी सहित अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद बताए जा रहे हैं। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूर्व प्रधान सफदर का कहना है कि कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे को लेकर उन्होंने पहले ही थाने में शिकायती पत्र दिया था। इसी संबंध में पुलिस ने उन्हें मौके पर बुलाया था, लेकिन जब वह वहां पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।






