प्लांट में घुसकर दो अफसरों की गोली मारकर हत्या, पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

 






छह महीने से चल रहा था विवाद, पहले भी कर चुका था जानलेवा हमला
डीएम-एसएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे, प्लांट को छावनी में बदला
बदायूं। जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सैजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट में बृहस्पतिवार दोपहर सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई। कार सवार हमलावर प्लांट के अंदर घुसा और मुख्य प्रबंधक परियोजना तथा उप प्रबंधक पर ऑटोमैटिक गन से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कार से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है। जानकारी के मुताबिक नोएडा निवासी प्लांट के मुख्य प्रबंधक परियोजना सुधीर गुप्ता (55) और बरेली निवासी उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा (40) पर दो से तीन गोलियां चलाई गईं। गोली लगते ही दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घायल अधिकारियों को तत्काल सीएचसी दातागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर अजय प्रताप सिंह पहले इसी प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। कंपनी से हटाए जाने के बाद से उसका अधिकारियों के साथ विवाद चल रहा था। करीब छह महीने से दोनों पक्षों के बीच तनातनी बनी हुई थी। बताया गया कि छह फरवरी को भी आरोपी प्लांट में घुसकर दोनों अधिकारियों पर जानलेवा हमला कर चुका था, जिस मामले में दोनों ओर से मुकदमे दर्ज हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीएम अवनीश राय और एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। कुछ देर बाद डीआईजी अजय साहनी भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से पूछताछ की। बरेली से रीजनल मैनेजर देवानंद भी प्लांट पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। घटना के बाद पूरे प्लांट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस प्लांट के अंदर जांच कर रही है। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्लांट में काम कर चुका कर्मचारी अजय प्रताप सिंह ही वारदात का आरोपी है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)