अनुराग ने जीता स्वर्ण, आर्यन ने हासिल किया रजत पदक
विद्यार्थियों ने जिस समर्पण और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन किया, वह अत्यंत सराहनीय : राम भवन सिंह, प्रबंधक
आजमगढ़। आगरा में आयोजित ताइक्वांडो चैंपियनशिप में आजमगढ़ के बी के एस एजुकेशनल स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कक्षा 9 के छात्र अनुराग गोंड ने शानदार खेल कौशल और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं कक्षा 1 के नन्हें खिलाड़ी आर्यन गोंड ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर सबको गौरवान्वित किया। कम उम्र में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में इस तरह की सफलता ने विद्यालय परिवार और परिजनों में हर्ष का माहौल पैदा कर दिया है। विद्यालय के शिक्षकों ने दोनों खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को उनकी सफलता का आधार बताया। उनका कहना है कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। छात्रों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त की है। विद्यालय के प्रबंधक राम भवन सिंह ने दोनों खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक को ₹5,000 की वार्षिक छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रबंधक राम भवन सिंह ने कहा, हमारे विद्यालय के विद्यार्थियों ने जिस समर्पण और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। अनुराग और आर्यन ने यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय परिवार उनकी हर संभव सहायता करेगा ताकि वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करें। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में हमारे छात्र खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।" विद्यालय प्रशासन ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करने की भी घोषणा की है।





