कुत्तों के विवाद में चली गोली, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र में कुत्तों के विवाद को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोली युवक को न लगकर उसके पालतू कुत्ते को लग गई थी, जिससे कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध असलहा व कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 फरवरी की रात्रि ग्राम बस्ती भुजवल में कुत्तों के विवाद के दौरान अभियुक्त दीपक चौबे व उसके साथी द्वारा अवैध तमंचे से फायर किया गया था। मामले में थाना अहरौला पर मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर करनपुर–इशहाकपुर पुलिया के पास से अभियुक्त दीपक चौबे को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से .32 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। अभियुक्त का पूर्व में भी गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है।





