पदोन्नति के साथ दूसरे जिले में किया गया स्थानांतरण
धोखाधड़ी के मामले में नामजद हैं लिपिक विधिचन्द यादव, चर्चाओं का बाजार गर्म
आजमगढ़। शिक्षा निदेशक बेसिक, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा जारी पदोन्नति के बाद स्थानांतरण सूची में 42 वरिष्ठ सहायकों को प्रधान सहायक के पद पर पदोन्नत करते हुए उनके मूल तैनाती स्थल से अन्य जनपदों में भेजा गया है। इस सूची के जारी होते ही विभागीय हलकों में हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय, आजमगढ़ में तैनात विधिचन्द यादव को प्रधान सहायक पद पर पदोन्नत करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय गोरखपुर में नई तैनाती दी गई है। उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी को जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ की ओर से शहर कोतवाली में विधिचन्द यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले में नामजद होने के बावजूद मिली पदोन्नति को लेकर विभागीय गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।वहीं, राष्ट्रीय बालिका इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में तैनात शिशिर कुमार सिंह को भी प्रधान सहायक पद पर पदोन्नति देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, बलिया में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। विगत दो दिनों से आरोप-प्रत्यारोप के बीच चर्चा में रहे विधिचन्द यादव के लिए यह पदोन्नति एक ओर जहां उपलब्धि मानी जा रही है, वहीं दूसरी ओर चल रहे मुकदमे के कारण यह खुशी मिश्रित स्थिति भी बताई जा रही है। जनपद में चर्चित लिपिक के रूप में उनके कार्यकाल को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल, पदोन्नति व स्थानांतरण आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों में नई तैनाती को लेकर तैयारी शुरू हो गई है।





