आजमगढ़ : ब्लॉक बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में धन उगाही पर सख्त रुख

Youth India Times
By -
0




वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा, विभागाध्यक्षों ने दी प्रगति रिपोर्ट

अवैध वसूली पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश, प्रधानों के शोषण पर जीरो टॉलरेंस
रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार शुक्रवार को फूलपुर ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों की बैठक ब्लॉक प्रमुख अर्चना यादव की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अध्यक्ष की अनुमति से बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की गई। खंड विकास अधिकारी इशरत रोमेल ने पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति और लंबित योजनाओं की जानकारी सदन को दी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित होने वाली सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर विभिन्न विभागाध्यक्षों ने विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षा विभाग की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार ने विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं और छात्र हित में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एमएल अग्रहरि ने टीकाकरण अभियान, टीबी रोग की पहचान, आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जांच तथा निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था के बारे में बताया। विद्युत विभाग के अवर अभियंता देवेन्द्र सिंह ने विभागीय छूट योजना और स्मार्ट मीटर अभियान की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं से अंतिम माह की छूट का लाभ उठाने की अपील की। एडीओ आईएसबी ने स्वयं सहायता समूहों के गठन के विशेष अभियान की जानकारी साझा करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों से सुझाव और समस्याएं आमंत्रित की गईं। ग्राम डारीडीह अनजान शहीद के प्रधान रामअवध यादव ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के नाम पर धन उगाही का आरोप लगाया। इस पर ब्लॉक प्रमुख ने खंड विकास अधिकारी से जवाब तलब करते हुए मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की व्यवस्था अब तहसील से डाक के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी। यदि कोई अवैध धन की मांग करता है तो तत्काल सूचना दी जाए, शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ स्वयं मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के अंत में सदस्यों से आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए तथा गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेंशन, स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक का संचालन प्रधान अमरेथु उमाशंकर यादव ने किया। इस अवसर पर गौरव यादव, राजेंद्र वर्मा, उमाकांत पाठक, राजेंद्र प्रसाद यादव, राजीव मौर्य, जितेंद्र कुमार (लेखाकार), प्रधान रईस अहमद, रविंद्र यादव, लखीलाल, राम अवतार, पवन जायसवाल, ओबैदुल्लाह, अरविंद राजभर सहित सैकड़ों क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)