एच.एम. सर्जिकल हॉस्पिटल में डॉ. फरहान अहमद की टीम ने किया सफल ऑपरेशन
आजमगढ़। आजमगढ़–वाराणसी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जहां एक ओर अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं दूसरी ओर त्वरित और कुशल चिकित्सा व्यवस्था ने मानवता की मिसाल पेश की। रानी की सराय थाना क्षेत्र के रायपुर के पास अचानक अनियंत्रित लावारिस पशु के सड़क पर आ जाने से एक कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में राष्ट्रीय न्यूज सर्विस के ब्यूरो चीफ एवं हिंद एकता टाइम्स के चीफ एडिटर आफताब आलम, उनके पुत्र अजमत शेख, बॉम्बे अलमीरा के मालिक अहमद राजा शेख तथा चालक लुकमान अलाउद्दीन शामिल थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर भेजने की सलाह दी गई। गंभीर रूप से घायल आफताब आलम को शहर के बिलरिया की चुंगी स्थित आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एच.एम. सर्जिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां वरिष्ठ सर्जन डॉ. फरहान अहमद की देखरेख में उनका उपचार शुरू किया गया। बुधवार रात करीब चार घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन को डॉ. फरहान अहमद ने अपनी विशेषज्ञता, धैर्य और अनुभव से सफलतापूर्वक संपन्न किया। चिकित्सकीय टीम की तत्परता और सर्जिकल दक्षता के चलते मरीज की हालत में सुधार दर्ज किया गया। अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सा टीम की समन्वित कार्यशैली ने आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी नेतृत्व की मिसाल पेश की। स्थानीय लोगों ने डॉ. फरहान अहमद और एच.एम. सर्जिकल हॉस्पिटल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और अनुभवी चिकित्सकों की उपलब्धता के कारण अब आजमगढ़ में ही उच्च स्तरीय इलाज संभव हो पा रहा है। यह घटना एक ओर सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश देती है, वहीं दूसरी ओर समर्पित चिकित्सकों की सेवा भावना और उत्कृष्ट चिकित्सा कौशल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।





