आजमगढ़ : भाजपा नेता पर लगा गंभीर आरोप, चौकी इंचार्ज की भी मिलीभगत

Youth India Times
By -
0





एसएसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटनाक्रम का वीडियो
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली मोहल्ला निवासी सुदामा तिवारी पुत्र स्व. नामवर तिवारी ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल से जुड़े एक स्थानीय नेता और पुलिस की मिलीभगत से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। हालांकि आरोपों की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों ने स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज कर दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पड़ोस में भाजपा नेता दिवाकर सिंह ने लगभग आठ वर्ष पूर्व जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। सुदामा तिवारी का आरोप है कि दिवाकर सिंह दबंग प्रवृत्ति के हैं और वह चौकी इंचार्ज मूसेपुर धर्मेंद्र शर्मा से मिलीभगत कर उनका रास्ता बंद कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उन्हें, दिवाकर सिंह और उनके पुत्र अभिषेक सिंह को चौकी इंचार्ज द्वारा थाने में बैठाया गया और कथित रूप से दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी बात न मानने पर दिवाकर सिंह और उनके पुत्र को छोड़ दिया गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति का चालान कर दिया गया, जिससे उनका कोई विवाद नहीं था। सुदामा तिवारी ने कहा कि चौकी इंचार्ज के इस व्यवहार से वह भयभीत हैं। उन्होंने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कर चौकी इंचार्ज और संबंधित नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वैसे मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें भाजपा नेता की देख रेख में एक व्यक्ति द्वारा एक मकान की दीवाल हथौड़े से तोड़ी जा रही है और इसी दरमियान पुलिस भाजपा नेता दिवाकर सिंह सहित कुछ अन्य लोगों को अपने साथ लेकर जाती हुई दिखाई दे रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)