आजमगढ़ : किन्नरों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, सीमा विवाद बना कारण

Youth India Times
By -
0




एक घंटे तक चला बवाल, डायल 112 भी रही बेबस, दुकानदार दुकान बंद कर मौके से भागे
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र स्थित सहीदवारा बाजार सोमवार देर शाम उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब किन्नरों के दो गुटों के बीच सीमा क्षेत्र को लेकर जमकर मारपीट हो गई। करीब एक घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। डंडे, ईंट और पत्थर चलने से लोगों में दहशत फैल गई और दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं। जानकारी के मुताबिक, सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर मोहल्ले में रहने वाले किन्नरों के पांच सदस्य पिछले कुछ समय से सहीदवारा बाजार में किराये के मकान में रह रहे थे। ये लोग बाजार में घूम-घूमकर नेग और सहयोग राशि मांगते थे। सोमवार को देर शाम रानीकीसराय कस्बे के रुदरी मोड़ पर रहने वाले दूसरे गुट को इसकी भनक लगी। इसे अपने पारंपरिक क्षेत्र में दखल के रूप में देखते हुए वे सीधे सहीदवारा बाजार पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे। राहगीर जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। बाजार में करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों गुट एक-दूसरे पर इतने आक्रोशित थे कि पुलिसकर्मी भी हालात संभालने में असहाय नजर आए। कुछ देर बाद दोनों गुट अपने-अपने वाहनों में सवार होकर मौके से निकल गए, जिससे स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। हालांकि, मामला यहीं शांत नहीं हुआ। मंगलवार को एक गुट आधा दर्जन वाहनों के साथ दोबारा बाजार पहुंचा और दुकानों से पैसा वसूली कर वापस लौट गया। इस दौरान बाजार में फिर तनाव की स्थिति बनी रही। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय लोगों में अब भी आशंका का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)