परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रिपोर्ट : पद्माकर पांडेय
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटर के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रामपुर अगवानी माता मंदिर के पास की है, जहां स्कूली वैन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलवा गांव निवासी 19 वर्षीय प्रियांशु सिंह पुत्र रणधीर सिंह अपने साथी खाड़ेपुर रामपुर गांव निवासी 22 वर्षीय राजेश सिंह पुत्र बृजराज सिंह के साथ बाइक से गंभीरपुर बाजार आ रहे थे। जैसे ही वे रानीपुर रजमो स्थित अगवानी माता मंदिर के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक स्कूली वैन से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रियांशु सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेश सिंह का इलाज जिले के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। प्रियांशु सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि प्रियांशु दो भाइयों में बड़ा था। उसकी माता का तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। वह इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था। शनिवार को वह अपने मित्र के साथ खाड़ेपुर रामपुर गया था और वहीं से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। उसके पिता सफाई कर्मी हैं। सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





