चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल, जीप छोड़कर फरार हुआ चालक पुलिसकर्मी, जांच में जुटी पुलिस
बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित पुलिस जीप ने सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को टक्कर मार दी। घटना के बाद जीप चालक पुलिसकर्मी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, सीतापुर जिले के ढेमोड़ा गांव निवासी ज्ञान देवी अपने मामा के घर खैरीघाट थाना क्षेत्र के जबदहा गांव आई थीं। मामा के घर बेटे के जन्म के उपलक्ष्य में आयोजित बरहा संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार को वह अपने परिवार की महिलाओं—सुनीता (45), मर्रा (30), सन्नो (19) तथा सन्नो की सात माह की पुत्री कुसुम के साथ सीतापुर लौट रही थीं। दोपहर के समय सभी महिलाएं भगवानपुर चौराहे पर आटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार पुलिस जीप अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी महिलाएं दूर जा गिरीं, जबकि मासूम कुसुम जीप के नीचे कुचल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा। हादसे के तुरंत बाद चालक पुलिसकर्मी जीप छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए जीप को हटाया और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कुसुम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनीता, मर्रा, सन्नो और ज्ञान देवी का इलाज जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब पुलिस वाहन ही इस तरह लापरवाही से चलाए जाएंगे तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




