कई पूर्व विधायकों ने भी ली सपा की सदस्यता
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार में कई विभागों के कैबिनेट मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी रविवार को अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए। उनके साथ पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू ने भी सपा का दामन थाम लिया। सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। नसीमुद्दीन सिद्दीकी के कांग्रेस छोड़कर सपा में आने पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने सिर्फ “मकान बदला है, मोहल्ला नहीं”, यानी वे अभी भी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि सपा में शामिल हुए सभी नेताओं के राजनीतिक सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाएगा और उन्हें चुनाव लड़ाने पर भी विचार किया जाएगा। इस मौके पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने दावा किया कि 15 हजार 718 लोग विभिन्न दलों को छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सपा मजबूत होगी तो हम सब मजबूत होंगे और हमारा लक्ष्य 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनाना है। सपा में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख नेताओं में देवरिया के पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, प्रतापगढ़ सदर के पूर्व विधायक राजकुमार पाल, कन्नौज से एआईएमआईएम के प्रत्याशी रहे डॉ. दानिश खान, पूर्व विधान परिषद सदस्य हुस्ना सिद्दीकी, पूनम पाल तथा पहली ड्रोन पायलट रंजना पाल शामिल रहीं। अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में कहा कि फूल बाबू के आने से “बहुतों के फूल मुरझा गए हैं।” उन्होंने इसे होली मिलन से पहले “पीडीए होली मिलन” का आयोजन बताया और कहा कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।





