पति ने पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई, बच्चे को लेकर अलग हुआ

Youth India Times
By -
0





कचहरी में लिखापढ़ी के बाद पत्नी को प्रेमी के साथ किया विदा
त्याग की मिसाल या मजबूरी का फैसला, पूरे मामले की इलाके में चर्चा
जौनपुर। जिले में शुक्रवार को एक अनोखा और भावनात्मक मामला सामने आया, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराते हुए उसे विधिवत विदा कर दिया, जबकि स्वयं अपने बच्चे को लेकर अलग हो गया। यह पूरा घटनाक्रम परिजनों, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों की मौजूदगी में संपन्न हुआ। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर निवासी युवक की शादी वर्ष 2022 में जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र की युवती से हुई थी। वर्ष 2023 में दोनों को एक बच्चा भी हुआ। इसके बाद पति-पत्नी महाराष्ट्र में रहने लगे। इसी दौरान पत्नी अपने प्रेमी के साथ मुंबई से भागकर गांव लौट आई। घटना की जानकारी होने पर पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।बाद में पत्नी और प्रेमी के गांव आने की सूचना पर पति भी घर पहुंचा। परिस्थितियों को समझते हुए उसने गुस्से या बदले का रास्ता अपनाने के बजाय आपसी सहमति से समाधान निकालने का फैसला किया। पति पत्नी और उसके प्रेमी को लेकर मंदिर पहुंचा, जहां पूरे विधि-विधान से दोनों का विवाह कराया गया। इसके बाद शुक्रवार को कचहरी में लिखापढ़ी की गई और पति ने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ हंसी-खुशी विदा कर दिया। लिखापढ़ी के दौरान पति ने अपने बच्चे को अपने साथ रखने का निर्णय लिया। इस दौरान वह पत्नी और उसके प्रेमी को आशीर्वाद देते हुए भी नजर आया। पति ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्तमान समय में प्रेम प्रसंग के चलते कई घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे वह डर गया था। इसी कारण उसने पत्नी की प्रेम कहानी सामने आने के बाद उसे उसके प्रेमी के साथ भेज देना ही उचित समझा। वहीं पत्नी ने मीडिया के सामने बताया कि उसकी शादी झूठ बोलकर कराई गई थी और वह अपने पति से खुश नहीं थी। उसने स्वीकार किया कि वह अपने स्कूल के समय के प्रेमी से प्यार करती है। प्रेमी राजू बैरागी ने बताया कि वे दोनों साथ पढ़ते थे। उसकी पत्नी की मृत्यु के बाद वह अकेला हो गया था। बाद में बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया और वह युवती को मुंबई से लेकर आया। अब दोनों शादी कर साथ जीवन बिताना चाहते हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)