आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के भीतर आये दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। कुछ दिन पूर्व नेहरू हाल में आयोजित प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में पार्टी के दो प्रमुख पदाधिकारियों में मंत्री के सामने ही वाकयुद्ध शुरू हो गया था, जो शहर कोतवाली में भी देखने को नजर आया। हालांकि पार्टी के जिम्मेदार लोगों ने इसे घर का झगड़ा कहकर मामले को शान्त करा दिया।
इसी बीच 30 अक्टूबर को हरिऔध कलाभवन में आयोजित महिला मोर्चा के 'आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान' कार्यक्रम के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। भाजपा नेत्री अनीता सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने महिलाओं के शोषण का आरोप लगाया। यह कार्यक्रम जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा बबीता जसरारिया के नेतृत्व में आयोजन चल रहा था। इस आरोप के बावत भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने सफाई देते हुए अनीता सिंह पर विरोधियों से मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "अनीता सिंह विरोधियों से मिलकर पार्टी की छवि धूमिल करने की साजिश रच रही हैं। वह पार्टी में किसी पद पर नहीं हैं। पूर्व में उन्होंने फर्जी तरीके से खुद को नगर अध्यक्ष घोषित करने की कोशिश की थी।
इसी क्रम में फिर भाजपा नेत्री अनीता सिंह द्वारा फेसबुक के माध्यम से जवाब देते हुए वह पत्र सोशल मीडिया पर शेयर किया है जिसमें पार्टी आलाकमान द्वारा उन्हें नगर महामंत्री पद पर नियुक्त किया गया था। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि कुछ लोगों का कहना है कि मैं पार्टी में किसी पद पर नहीं हूं, तो अच्छे से देख लें आप लोग। उनके इस कमेंट के बाद कई लोगों द्वारा उनकी इस लड़ाई में उनका साहस बंधाते हुए लिखा कि हम आपके साथ हैं। कुल मिला जुलाकर एक बात तो सामने साफ नजर आ रही है कि भाजपा के भीतर चल रही अंतर कलह समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है।




