अभियुक्त के खिलाफ कुल पांच संगीन मामले हैं दर्ज
आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के थाना गंभीरपुर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुहम्मदपुर भीटिया मोड़ पर खड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जिसके पास से एक अवैध देशी रिवॉल्वर और एक 38 बोर कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नन्हे कंकाली उर्फ इरशाद (59 वर्ष), पुत्र जलील, निवासी मुहम्मदपुर भीतिया, थाना गंभीरपुर के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक योगेश कुमार सरोज और कांस्टेबल संदीप सरोज की टीम मुहम्मदपुर क्षेत्र में गश्त पर थी। दोपहर करीब 1:30 बजे मुखबिर खास से मिली सूचना पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से अवैध रिवॉल्वर और कारतूस बरामद हुए, जो धारा 7/25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा संख्या 316/2025 धारा 7/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत थाना गंभीरपुर में दर्ज किया गया है। अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। नन्हे कंकाली उर्फ इरशाद पहले से कई गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ अब तक कुल पांच संगीन मामले दर्ज हैं।
