गाजीपुर। नोनहरा थाना परिसर में मंगलवार की रात में धरनारत लोगों पर हुए लाठीचार्ज की घटना में घायल रुकूंदीपुर निवासी एक युवक सियाराम उपाध्याय की गुरुवार की भोर में तीन बजे मौत हो गई। घर पर ही घायल युवक का उपचार चल रहा था।
सूचना मिलते ही मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह समेत लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। लोागों की गहमागहमी को लेकर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है मंगलवार की रात करीब एक बजे नोनहरा थाना परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे लोगों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया था, जिसमें करीब सात से आठ लोग घायल हुए थे। लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी ने बताया कि रुकूंदीपुर गांव निवासी मृतक सियाराम उपाध्याय उर्फ जोखू उपाध्याय (35) पुत्र गिरजा उपाध्याय धरना देने वालों में शामिल था और पुलिस की लाठीचार्ज में गंभीर रुप से घायल हुआ था। कहा कि शियाराम की कुर्बानी को जाया नहीं किया जाएगा। इसकी कीमत पुलिस प्रशासन को चुकानी होगी।
गाजीपुर के रूकुंदीपुर निवासी सियाराम उपाध्याय उर्फ जोखू (35) के पिता गिरजा उपाध्याय और भाभी नीतू उपाध्याय ने कहा की पुलिस की बर्बरता से की गई पिटाई से सियाराम की मौत हुई है। सरकार से न्याय चाहिए और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की कार्रवाई की जाए।
लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी ने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर धरने पर बैठे थे। रात करीब डेढ़ बजे लाइट बुझाकर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस लाठीचार्ज में कई लोग घायल हैं। पुलिस और प्रशासन का खौफ इतना है कि लोग छुपे हुए हैं। शीर्ष नेतृत्व के आने पर ही आगे की कार्रवाई होगी।



