आजमगढ़ : दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका मिला युवक का शव

Youth India Times
By -
0






मृतक तीन भाईयों में था छोटा, चार माह पहले गुजरात से लौटा था घर
आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अहियाई में शुक्रवार की रात एक दुखद घटना ने गांव में सनसनी फैला दी। चन्द्रवली पाल के 28 वर्षीय पुत्र विजय पाल का शव उनके पक्के मकान में हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटका मिला। विजय तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गुजरात के बड़ोदरा में स्लाइडिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार, विजय की शादी पांच वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी। चार महीने पहले वह अपने गांव लौटा था। शुक्रवार की शाम वह तिलसड़ा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुआ और नशे की हालत में देर रात घर पहुंचा। घर पर परिजनों से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने मकान का मुख्य दरवाजा बंद कर अपने कमरे में हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। परिजनों ने जब दरवाजा खटखटाया और वह नहीं खुला तो छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। वहां विजय को फंदे पर लटका देख परिजन और उनकी पत्नी बेहोश हो गए। आनन-फानन में दुपट्टा काटकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना ग्रामीणों ने मेहनगर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)