गुंडागर्दी का लाइव शो, फायर किया तमंचे में फंस गई गोली

Youth India Times
By -
0
फिर हॉकी से किए ताबड़तोड़ वार, न दिखा पुलिस का खौफ


मेरठ। मेरठ में कंकरखेड़ा स्थित हाईवे पर खिर्वा चौक के पास मॉडल शॉप के बाहर चार हमलावरों ने खुलेआम गुंडागर्दी की। उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक पीयूष को बेरहमी से पीटा। वे उसे लाठी-डंडों और हॉकी से पीटते रहे। हमले में सिर व पैर में चोट लगने से पीयूष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने थाने में तहरीर दी है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हाईवे स्थित डाबका गांव के निवासी बंटी ने बताया कि उनके बेटे पीयूष का खिर्वा रोड पर तंदूरी चौधरी के नाम से रेस्टोरेंट है। दो दिन पूर्व एक बाइक सवार तीन युवक रेस्टोरेंट पर पहुंचे थे। यहां लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इन युवकों ने रेस्टोरेंट कारीगर के साथ अभद्रता की थी। उनके बेटे ने इसका विरोध किया था। आरोप है कि सोमवार रात पीयूष रेस्टोरेंट बंद कर घर आ रहा था। खिर्वा फ्लाईओवर के पास वह कार से निकलकर बाहर खड़ा हो गया था। इसी दौरान पीछे से पैदल आए चार हमलावरों बादल, नकुल, अभिमन्यु व एक अन्य ने उनके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में युवक लहूलुहान हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली तमंचे के अंदर फंस गई। पीड़ित का शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग गए। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पीयूष को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना के समय किसी राहगीर ने मोबाइल में वीडियो बना लिया। बाद में यह वायरल हो गया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। इस मामले में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)