भाजपा के मंच पर दिखा लश्कर-ए-तैयबा के लिए टेरर फंडिंग करने का आरोपी

Youth India Times
By -
0
भाजपा सांसद ने किया सम्मानित


प्रतापगढ़। लश्कर-ए-तैयबा जैसे खूंखार आतंकी संगठन के लिए टेरर फंडिंग के आरोप में गिरफ्तार और अब जमानत पर जेल से बाहर आए एक आरोपी को भाजपा ने मंच पर बुलाकर सम्मानित किया है। यूपी के प्रतापगढ़ में टेरर फंडिंग के आरोपी को किसी और ने नहीं बल्कि भाजपा के सांसद संगम लाल गुप्ता ने खुद भाजपा का पट्टा पहना कर सम्मानित किया। यह वही पट्टा है जिसे भाजपा की सदस्यता दिलाते समय पार्टी के वरिष्ठ नेता भी पहनाते अक्सर दिखाई देते हैं। इतने गंभीर आरोपों में लिप्त व्यक्ति को इस तरह से भाजपा के मंच पर लाना और भाजपा सांसद द्वारा खुद सम्मानित करना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें वायरल हो रही हैं। समाजवादी पार्टी के नेता भी इसे लेकर सोशल मीडिया पर तंज कस रहे हैं। प्रतापगढ़ के पृथ्वीगंज नगर पंचायत में भाजपा ने कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें सांसद संगमलाल गुप्ता ने चेयरमैन नीलम गुप्ता सरोज को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान नीलम के देवर संजय सरोज को भी सांसद ने भाजपा का पट्टा पहनाकर सम्मानित किया। संजय सरोज को यूपी की एटीएस ने मार्च 2018 में घर से गिरफ्तार किया था। काफी समय वह जेल में रहा। जमानत पर छूटने के बाद राजनीति में सक्रिय हो गया। सपा से टिकट भी लेना चाहता था लेकिन मामला टेरर फंडिंग जैसे गंभीर मामले से जुड़ा होने से उसकी दाल नहीं गली। अब भाजपा सांसद की तरफ से टेरर फंडिंग के आरोपी को सम्मानित करने पर सपा ने हमला बोला है। सपा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की बात करती है और आतंकी गतिविधियों से जुड़े व्यक्ति को पार्टी में शामिल कर उसे साफ सुथरी छवि का बताने की कोशिश कर रही है। वहीं सांसद का कहना है कि संजय के बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। यूपी एटीएस ने 26 मार्च 2018 को आतंकी फंडिंग के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया था। संजय सरोज समेत दस लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तत्कालीन आईजी एटीएस असीम अरुण ने दावा किया था कि यह नेटवर्क आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए फाइनेंसिंग का काम कर रहा था। गिरफ्तार लोगों में आठ यूपी के थे। एक-एक एमपी और बिहार के थे। संजय के पास से बरामद 27 पासबुक के आधार पर अन्य लोगों के खातों को खंगाला तो नेपाल और बंग्लादेश से क्षेत्र के मजदूरों के खातों में लाखों रुपए मंगाए गए थे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)