भाईयों ने बहन को गोली मारकर नहर में फेंका

Youth India Times
By -
0
बहन की इस बात से नाराज थे भाई




नोएडा। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) निवासी युवती के प्रेम प्रसंग से खफा उसके दो भाइयों ने उसे गोली मारने के बाद कासगंज के थाना ढोलना इलाके में हजारा नहर में फेंक दिया और भाग निकले। गोली लगने से घायल युवती जैसे-तैसे पानी से निकलकर सड़क पर आई और राहगीर की मदद से थाने पहुंची। घायल युवती को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हजारा नहर पर एक युवती को उसके ही दो भाई गोली मारकर हजार नहर में फेंक गए।
युवती के थाना पहुंचने पर रात में ही पुलिस मौके पर गई। गोली लगने से युवती खून से लथपथ थी, उसका शरीर पानी से भीगा हुआ था। युवती को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद उसके स्वास्थ्य में कुछ सुधार हुआ। जानकारी मिलते ही सीओ अजीत चौहान व अन्य पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए और पीड़िता से पूरे मामले की जानकारी ली।
घायल युवती ने पुलिस को बताया कि वह सोरखा, गौतमबुद्धनगर की रहने वाली है। वह अपने घर पर एक लड़के से फोन पर बातचीत कर रही थी। इसकी जानकारी पर उसके भाई व अन्य परिजनों ने विरोध किया और उससे मारपीट की। इसके बाद वह घर से एक गाड़ी से अपनी नोएडा में ही ननिहाल चली गई। जानकारी के बाद उसके दो भाई, एक अन्य युवक के साथ वहां आ गए। ननिहाल वालों से बातचीत कर उसे अपने घर ले जाने की कहकर कार में बैठा लिया। युवती ने बताया कि हजारा नहर पर लाकर उससे मारपीट की।
एक भाई ने छाती में गोली मारी और दूसरे भाई ने हजारा नहर में फेंक दिया। इसके बाद मौत सुनिश्चित करने के लिए नहर में भी गोलियां मारीं, पानी और रात के कारण उसे और गोलियां नहीं लग पाईं। इसके बाद उसे मरा समझकर मौके से भाई व साथी वहां से भाग गए। उसने जैसे तैसे पानी से निकल सड़क पर मदद के लिए चीखपुकार की। तभी एक राहगीर ने सहायता करते हुए उसे थाना ढोलना तक पहुंचाया।
सीओ सिटी अजीत सिंह के अनुसार युवती को गोली मारकर घायल करने की जानकारी थाना ढोलना पुलिस को मिली। युवती से जानकारी ली गई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रथम दृष्टया युवती ने प्रेम प्रसंग को लेकर भाई पर ही गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)