आजमगढ़ : ग्राम प्रधान सहित 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज

Youth India Times
By -
0

गिरफ्तार आरोपी की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने की कारवाई
आजमगढ़। अतरौलिया थाना के वैशपुर गांव का मामला अभी शांत नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा पथराव व तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद गिरफ्तार आरोपी की पत्नी ने भी शनिवार को एक मुकदमा पंजीकृत कराया। इसमें उसने दूसरे पक्ष के 14 लोगों पर घर पर चढ़कर गाली-गलौज व तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच की कवायद में जुट गई है।
अतरौलिया थाना के वैशपुर गांव में 26 नवंबर को दो पक्षों में बवाल हुआ था। इस मामले में दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया था। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लड़की को जबरन दो घंटे तक बंधक बनाने व गलत कार्य करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने सिर्फ मारपीट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। 29 नवंबर की रात एक पक्ष दूसरे पक्ष के घर पर चढ़ गया था। गालीगलौज के साथ ही तोड़फोड़ भी की। पुलिस पहुंची तो उस पर भी पथराव किया गया। इस मामले में एसआई की तहरीर पर शुक्रवार को 22 नामजद व 150 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ था। वहीं पुलिस ने एक पक्ष के अरुण कुमार सिंह को गिरफ्तार भी किया था। शनिवार को गिरफ्तार अभियुक्त अरुण कुमार सिंह की पत्नी रिंकू सिंह ने भी थाने पर तहरीर दी। इसमें उसने दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा घर पर चढ़कर गालीगलौज व तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। रिंकू सिंह ने बताया कि जब दूसरे पक्ष के लोग घर पर चढ़ आए थे तो वह सिर्फ अपने बच्चों के साथ मौजूद थी। समय रहते पुलिस ने पहुंच कर उन्हें घर से निकाला और सुरक्षित स्थान पर ले गई। उसने अपनी तहरीर में ग्राम प्रधान विदेशी निषाद, राजू निषाद, किशन, प्रिंस, रविंद्र, चंदन, शिवनंदन, कुंदन, ओमप्रकाश, ईशू, कुलदीप, मनप्रीत समेत कुल 14 लोगों को नामजद किया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)